RS चुनाव: हरियाणा में डटेंगे CM भूपेश बघेल, होटल ताज में बनेगी रणनीति, मतदान करने सीधे रायपुर से चडीगढ़ पहुंचेंगे सभी विधायक

हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की आशंकाओं के बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल गुरुवार को हरियाणा जाएंगे। सीएम चंडीगढ़ के होटल में चुनावी रणनीतियों पर बिसात बिछाएंगे।

हरियाणा राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग की आशंकाओं के बीच छत्तीसगढ़ के सीएम भूपेश बघेल गुरुवार को हरियाणा जाएंगे। सीएम चंडीगढ़ में चुनावी रणनीतियों पर बिसात बिछाएंगे। हरियाणा के कांग्रेसी विधायक 10 जून को सीधे मतदान करने चंडीगढ़ पहुंचेंगे। उन्हें शुक्रवार को सुबह विशेष विमान से चंडीगढ़ भेजा जाएगा। चुनाव से पहले सीएम चडीगढ़ में एक बार विधायकों से मंत्रणा करेंगे और राज्यसभा सीट कांग्रेस जीतने रणनीति बनाएंगे। पिछले एक सप्ताह से विधायकों की रायपुर में खूब मेहमाननवाजी हो रही है। कड़ी सुरक्षा के बीच विधायकों की रायपुर के होटल में बाड़ेबंदी की गई है।

बता दें कि हरियाणा राज्यसभा चुनाव के लिए सीएम भूपेश बघेल को ऑब्जर्वर बनाया गया है। सीएम चुनाव से एक दिन पहले गुरुवार को शाम 5 बजे रायपुर एयरपोर्ट से हरियाणा रवाना होंगे और साढ़े 7 बजे चंडीगढ़ पहुंचेंगे। होटल ताज में हरियाणा चुनाव की रणनीति तय की जाएगी। सीएम भूपेश बघेल के साथ दूसरे पर्यवेक्षक छत्तीसगढ़ से राज्यसभा सांसद चुने गए राजीव शुक्ला भी होंगे। सीएम चंडीगढ़ के होटल में कांग्रेस के स्थानीय वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर चुनाव की रणनीति बनाएंगे। बता दें कि कांग्रेस के 29 विधायक 2 जून से नवा रायपुर के मेफेयर होटल में ठहरे हुए हैं।

विधायकों की हो रही खूब मेहमाननवाजी
क्रॉस वोटिंग की आशंका के रायपुर लाए गए विधायकों की खूब मेहमाननवाजी हो रही है। विधायकों को कड़ी सुरक्षा में रखा गया है। उनसे किसी को मिलने नहीं दिया जा रहा है। विधायकों का गुरुवार को छत्तीसगढ़ प्रवास का अखिरी दिन रहेगा। सूत्रों के मुताबिक रायपुर के मेफेयर होटल में ठहरे हरियाणा के 29 कांग्रेसी विधायक व पीसीसी पदाधिकारी शुक्रवार को सुबह विशेष विमान से चंडीगढ़ जाएंगे। चंडीगढ़ में सीएम भूपेश अंकगणित कांग्रेस के पक्ष में लाने हरियाणा के वरिष्ठ नेताओं व विधायकों की बैठक भी ले सकते हैं। कांग्रेस के नेता भाजपा पर हॉर्स ट्रेडिंग का आरोप लगा रहे हैं।

सीट जीतने कांग्रेस को 31 विधायक चाहिए
हरियाणा विधानसभा में राज्य सभा की 2 सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं। कांग्रेस ने यहां से अजय माकन को टिकट दिया है। वहीं भाजपा ने कृष्णलाल पंवार को प्रत्याशी बनाया है। पूर्व मंत्री विनोद शर्मा के बेटे कार्तिकेय शर्मा ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल किया है। हरियाणा में राज्यसभा सीट जीतने कांग्रेस के पास 31 विधायक हैं, लेकिन कार्तिकेय शर्मा की एंट्री ने पेंच फंसा दिया है। कार्तिकेय के ससुर कुलदीप हरियाणा कांग्रेस पार्टी से विधायक हैं। 2 जून को केंद्रीय नेतृत्व ने सभी विधायकों को दिल्ली बुलाया था। उसके बाद सभी को रायपुर रवाना किया गया है।

2016 के राज्यभा चुनाव में हुआ था ‘पेनकांड’
दरअसल, हरियाणा में 2016 के राज्यसभा चुनाव के दौरान पेन कांड हुआ था। चुनाव में भाजपा समर्थित सुभाष चंद्रा और इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) व कांग्रेस ने संयुक्त रूप से आरके आनंद को टिकट दिया था। चुनाव में कांग्रेस-इनेलो की जीत तय थी, लेकिन निर्दलीय सुभाष चंद्रा जीत गए। चुनाव में कांग्रेस के 16 विधायकों के वोट निरस्त हो गए थे। इसका कारण यह था कि मतदान के लिए जो खास पेन दिया गया था, उसकी स्याही बदल गई थी। यह राजनीति के इतिहास का वह दांव था, जिसने हरियाणा कांग्रेस के रणनीतिकारों को चारों खाने चित्त कर दिया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *