‘छत्तीसगढ़ मॉडल चलता तो कांग्रेस की दुर्गति नहीं होती’, फग्गन सिंह बोले- गलत काम करने वाला व्यक्ति ही डरता है

केंद्रीय इस्पात राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने बिलासपुर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तंज कसते हुए कहा कि यदि छत्तीसगढ़ मॉडल सफल होता तो देश में कांग्रेस की यह दुर्गति नहीं होती।

केंद्रीय इस्पात और ग्रामीण विकास राज्यमंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। बिलासपुर में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर तंज कसते हुए कहा कि यदि छत्तीसगढ़ मॉडल सफल होता तो देश में कांग्रेस की यह दुर्गति नहीं होती। कांग्रेस नेताओं को गुजरात जाकर अधोसंरचना विकास के बारे में सीखना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के लोगों को बताया कि विकास मॉडल क्या है। आईटी-ईडी की रेड पर कुलस्ते ने कहा कि गलत काम करने वाला व्यक्ति ही डरता है। ईमानदारी और निष्ठा से काम करने वालों को डर कैसा। देश में पड़ रहे छापों में सरकार का कोई हस्तक्षेप नहीं है।

केंद्रीय राज्य मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते एसईसीएल सीएमडी और रेलवे जीएम के साथ बैठक कर विभागीय कार्यों की जानकारी ली। मीडिया से बात करते हुए कुलस्ते ने कहा कि देश में भ्रष्टाचार की जननी कांग्रेस है। यूपीए सरकार के कार्यकाल में जो कारनामे हुए उसे पूरा देश जानता है। देश में लंबे समय तक कांग्रेस की सरकार रही, तब भ्रष्टाचार की कोई सीमा नहीं थी। देश की जनता भी यह बात अच्छे से जानती है। देश में जिन पर कार्रवाई हो रही उसमें अधिकांश कांग्रेस और उनके आसपास घूमने वाले लोग हैं। ईडी-आईटी के छापों में हमारा कोई हस्तक्षेप नहीं है। गलत काम करने वाला व्यक्ति ही डरता है।

भारत जोड़ने से पहले कांग्रेस पार्टी को जोड़ लें
राहुल गांधी के नेतृत्व में हो रहे भारत जोड़ो यात्रा पर फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि भारत को तोड़ने का काम कांग्रेस ने ही किया है और आज वही कांग्रेस के लोग जोड़ने की बात कह रहे हैं। भारत जोड़ो यात्रा से पहले कांग्रेसियों को अपनी पार्टी को जोड़ना चाहिए। पार्टी में द्वंद्व की स्थिति है। सीनियर लीडर पार्टी छोड़कर जा रहे हैं। देश में आज कांग्रेस की स्थिति अधमरे सांप की तरह हो गई है। कुलस्ते ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में आज अच्छा काम हो रहा। कांग्रेस को यह समझ नहीं आ रहा है। छत्तीसगढ़ की भूपेश सरकार जनता को कोई सुविधा नहीं दे पाई। जितने विकास दिख रहे हैं डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में हुए  हैं। पौने 4 वर्षों में प्रदेश सरकार ने कुछ नहीं किया। अब उनके जाने का समय आ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *