Hindi आज से इन जगहों पर प्री मॉनसून की शुरुआत, दिल्ली-NCR को गर्मी से कब मिलेगी राहत

देश के कुछ हिस्सों में मॉनसून की एंट्री हो गई है। मुंबई में मॉनसून के आते ही झमाझम बारिश हो रही है वहीं दिल्ली में लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार 15 जून तक राहत नहीं मिलने वाली।

नई दिल्ली: देश के कई हिस्सों में मॉनसून की एंट्री (Monsoon) हो गई है वहीं दिल्ली-NCR में लोगों को भीषण गर्मी (Heat Wave In Delhi) का सामना करना पड़ रहा है। प्री मॉनसून (Pre Monsoon) को लेकर भी कई सवाल हैं। सिर्फ दिल्ली ही नहीं देश के और दूसरे हिस्से भी भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। मौसम विज्ञान (IMD ) की मानें तो पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, बिहार और झारखंड के इलाकों में लू का प्रकोप दो दिन तक जारी रहेगा। IMD के अनुसार, अगले कुछ दिनों में दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने, तेज हवा चलने की उम्मीद है, लेकिन 15 जून तक गर्मी से कोई बड़ी राहत मिलने की संभावना नहीं है।
इन राज्यों में भीषण गर्मी, मॉनसून का इंतजार
राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में लू की स्थिति बनी हुई है। शनिवार बांदा (उत्तर प्रदेश) 46.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ देश का सबसे गर्म स्थान रहा। इन राज्यों के कम से कम 22 कस्बों और शहरों में अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। गर्म और शुष्क पश्चिमी हवाओं के कारण पश्चिमोत्तर और मध्य भारत दो जून से लू की चपेट में है।
आज से यहा हो सकती है प्री मॉनसून की बरसात
विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर के जेनामणि ने बताया कि दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमोत्तर भारत के अन्य हिस्सों में अधिकतम तापमान में 15 जून तक कोई बड़ी राहत मिलने की संभावना नहीं है। आईएमडी ने बताया कि नमी युक्त पुरवाई चलने से 16 जून से भीषण गर्मी से काफी राहत मिलेगी। आईएमडी के अधिकारी ने बताया कि पूर्वी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में 12 जून से मानसून पूर्व गतिविधियां शुरू होने का पूर्वानुमान है, लेकिन उत्तरी राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तरी मध्य प्रदेश में 15 जून तक तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा।
दिल्ली वालों को कब मिलेगी गर्मी से राहत
राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री सेल्सियस अधिक 43.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। आईएमडी ने बताया कि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी के अनुसार, अगले कुछ दिनों में दिल्ली में गरज के साथ आंशिक रूप से बादल छाए रहने, बिजली गिरने और तेज हवा चलने की उम्मीद है, लेकिन 15 जून तक गर्मी से कोई बड़ी राहत मिलने की संभावना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *