प्यार के जाल में फंसाकर नाबालिग से लगातार करता रहा रेप, पैरेंट्स ने जबरन करवाई शादी

जांजगीर चांपा जिले में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना घटी है। प्यार के जाल में फंसाकर और शादी का झांसा देकर एक युवक नाबालिग के साथ रेप करता रहा। पैरेंट्स ने दोनों की जबरन शादी करवा दी।

छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां नाबालिग लड़की को शादी का झांसा देकर एक लड़का लगातार उसका रेप करता रहा। लड़के के माता-पिता को जब उनकी इस प्रेम कहानी के बारे में पता चला तो उन्होंने जबरन जयमाला डलवाकर दोनों की शादी करवा दी। कुछ दिन बाद युवक सहित उसके परिजन नाबालिग को प्रताड़ित करने लगे और उसे घर से बाहर निकाल दिया। इसके बाद लड़की रेलवे स्टेशन पर भीख मांगने लगी। लड़की के माता-पिता को जब घटना का पता चला तो उन्होंने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई।

क्या है मामला

घटना मुलमुला थाना इलाके की है। 16 साल की पीड़िता के माता-पिता दूसरे राज्य में काम करते हैं। इस कारण वह अपनी नानी के घर रहकर पढ़ाई करती थी। स्कूल जाने के दौरान नाबालिग की मुलाकात 19 साल के आरोपी से हुई। उसने अपने प्यार का इजहार करते हुए नाबालिग के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। इसके बाद अफने साथ चलने को कहा। उसकी बातों में आकर लड़की उसके साथ चली गई। मगर शादी ना करके आरोपी उसका रेप करता रहा।

कई बार लड़की ने इसका विरोध किया लेकिन वह नहीं माना। कुछ दिन बाद जब लड़की ने वापस अपने घर जाने को कहा तो युवक ने उसे जाने नहीं दिया। लड़के के माता-पिता को जब उसके प्रेम प्रसंग के बारे में पता चला तो उन्होंने जबरदस्ती नाबालिग के गले में जयमाला डलवाकर उनकी शादी करवा दी।

घर से बाहर निकाला

शादी के बाद नाबालिग लड़के के घर में रहने लगी। करीब एक साल तक दोनों साथ रहे। इस दौरान युवक और उसके माता-पिता पीड़िता को बीच-बीच में परेशान करते रहे। उन्होंने कई बार उसके साथ मारपीट की। वह उसे यह कहकर प्रताड़ित करते थे कि वह खाना ठीक से नहीं बनाती है। इसके बाद उसे घर से बाहर निकाल दिया। नाबालिग की नानी से जब इसका विरोध किया तो उसे भी धमकाया।

रेलवे स्टेशन पर भीख मांगते हुए मिली

लड़के के घर से निकाले जाने के बाद नाबालिग बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर भीख मांगने लगी। जब उसके माता-पिता दूसरे राज्य से वापस लौटे तो उन्होंने बेटी को रेलवे स्टेशन के बाहर देखा। पीड़िता ने उन्हें पूरी कहानी बताई। इसके बाद उन्होंने पुलिस में मामला दर्ज कराया। जिसके बाद आरोपी लड़के और उसके माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *