आगराः पानी भरने चंबल नदी पर गए किशोर को खींच ले गया मगरमच्छ, मौत

चंबल नदी के मध्य प्रदेश सीमा स्थित उसैथ घाट पर सोमवार सुबह पानी भरने गए 12 वर्षीय किशोर को मगरमच्छ खींच ले गया। किशोर की मौत हो गई। उसके परिजनों का बुरा हाल है। पुलिस और वन विभाग की टीमें मौके पर पहुंची। इस घटना के बाद पिनाहट घाट पर भी सतर्कता बढ़ा दी गयी है।

अनिल (12) पुत्र छोटेलाल मुरैना के थाना महुआ के गांव उसैथ का रहने वाला था। अनिल सोमवार सुबह करीब नौ  बजे गांव के ही अन्य साथी किशोर के साथ मध्य प्रदेश सीमा में चंबल नदी के उसैथ घाट पर पानी भरने के लिए पहुंचा। वह चंबल नदी से पानी भर ही रहा था कि अचानक एक मगरमच्छ ने उसको दबोच लिया। किशोर ने भागना चाहा लेकिन मगरमच्छ ने उसको छोड़ा नहीं।

किशोर को चंबल नदी में खींच कर ले गया। अनिल के साथ आए किशोर ने चिल्लाना शुरू कर दिया। गांव पहुंचकर घटना की जानकारी दी। गांव से अनिल के घरवाले और ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर चंबल नदी किनारे पहुंचे। सभी लोगों ने लाठी-डंडे और पत्थर फेंककर किशोर को मगरमच्छ के जबड़े से छुड़ाया। तब मगरमच्छ किशोर को छोड़कर पानी में भाग गया। लेकिन तब तक अनिल की मौत हो चुकी थी। उसके घरवालों में कोहराम मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर महुआ थाना पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने मृतक किशोर के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पिनाहट। चंबल नदी में मध्य प्रदेश की सीमा में मगरमच्छ के हमले से किशोर की मौत से पिनाहट क्षेत्र में भी दहशत है। यहां वन विभाग ने ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा है। बीते दिनों थाना पिनाहट क्षेत्र के गांव विप्रावली निवासी 25 वर्षीय भीमसेन पुत्र मोहर सिंह पशुओं को चराने के लिए विप्रावली घाट पर चंबल नदी किनारे गया था। तब से उसका पता नहीं है। गोताखोर व स्थानीय ग्रामीणों की मदद से युवक को काफी खोजने का प्रयास किया गया। परिजनों ने मगरमच्छ द्वारा युवक का शिकार करने की आशंका व्यक्त करते हुए तहरीर दी थी।

पिनाहट से पहुंची वन विभाग की टीम
पिनाहट। चंबल वन्य जीव विहार क्षेत्र के पिनाहट बीट प्रभारी योगेश कुमार का कहना है कि पूरा घटनाक्रम मध्य प्रदेश सीमा का है। थाना महुआ पुलिस ने किशोर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हमारी टीम भी मौके पर पहुंच थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *