कोरोना देश में:बीते 24 घंटे में 46,798 केस आए, यह करीब 2 महीने में सबसे ज्यादा; केरल में लगातार तीसरे दिन 30 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले

देश में कोरोना के मामलों में फिर अचानक बढ़ोतरी देखी जा रही है। शुक्रवार को 46,798 मरीजों की पहचान हुई। यह बीते 58 दिन में सबसे ज्यादा है। इससे पहले 30 जून को 48,606 केस आए थे। इसके साथ ही बीते 24 घंटे में 31,343 मरीजों ने कोरोना को मात दी, जबकि 514 की मौत हो गई। इस तरह एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 14,935 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

केरल में हालात भयावह बने हुए हैं। यहां शुक्रवार को 32,801 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई, 18,576 ठीक हुए और 179 की मौत हो गई। यह लगातार तीसरा दिन था जब यहां 30 हजार से ज्यादा संक्रमित मिले। पांच दिनों में देश में आए कुल मामलों में से 66% केरल से हैं। फिलहाल राज्य में 1.95 लाख मरीज कोरोना का इलाज करा रहे हैं।

वैक्सीनेशन का नया रिकॉर्ड
देश में शुक्रवार को देश में कोरोना वैक्सीनेशन का नया रिकॉर्ड बना। सरकार के मुताबिक, भारत में 27 अगस्त एक करोड़ से ज्यादा लोगों को टीके लगाए गए हैं। 16 जनवरी को वैक्सीनेशन ड्राइव की शुरुआत के बाद सबसे ज्यादा लोगों का टीकाकरण किया गया है।

इसके साथ ही देश में वैक्सीनेशन कवरेज 62 करोड़ को पार कर गया है। हेल्थ मिनिस्ट्री के मुताबिक, सबसे ज्यादा 28.62 लाख टीके लगाकर UP पहले नंबर पर रहा। इसके बाद कर्नाटक में 10.79 लाख और महाराष्ट्र में 9.84 लाख डोज लगाए गए।

देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में…

बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 46,798
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 31,333
बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 514
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 3.26 करोड़
अब तक ठीक हुए: 3.18 करोड़
अब तक कुल मौतें: 4.37 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 3.53 लाख

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *