कोण्डागांव : जिला न्यायालय में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का हुआ आयोजन

रविवार को जिला न्यायालय परिसर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर के तत्वाधान में जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुरेश कुमार सोनी के मार्गदर्शन से इस विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस आयोजन में न्यायिक मजिस्ट्रेट भूपेश कुमार बसंत, प्रशिक्षु न्यायाधीश आशीष कुमार चंदेह एवं जिला विधिक प्राधिकरण सचिव अम्बा शाह द्वारा शिविर में आयी महिलाओं को सम्बोधित किया गया। जिसमें श्री बसंत द्वारा महिलाओं के कानूनी अधिकारों एवं उनको प्राप्त करने के तरीकों के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। वहीं अम्बा शाह द्वारा महिलाओं के प्रति होने वाले अपराधों में पीड़ित क्षतिपूर्ति योजनाओं एवं विधिक सलाह एवं सहायता हेतु नालसा सर्विसेस एप्प द्वारा सहायता प्राप्त करने हेतु जानकारी दी गई। श्री चंदेह ने महिलाओं के अधिकारों, महिला आरक्षण एवं दहेज प्रताणना संबंधी कानूनों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई। जिसमें बाल संरक्षण अधिकारी नरेन्द्र सोनी द्वारा महिलाओं के न्याय से वंचित रह जाने एवं योजनाओं का लाभ न उठा पाने को गंभीरता से लेते हुए विधिक जागरूकता को घर-घर तक पहुंचाने की बात कही। श्रम निरीक्षक अमरसिंह खाण्डे द्वारा मजदूरी कार्ड, ई-कार्ड जैसी श्रमिकों हेतु बनाई गई योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर टीआई अर्चना धुरंधर, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य आरके जैन सहित महिलाएं एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *